गन्नौर। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से व्यापारी व कारोबारी पिछड़ रहा है। मौजूदा सरकार के राज में प्रदेश का व्यापार व उद्योग ठप हो रहे हैं। सरकार जीएसटी के तहत नए-नए टैक्स लगाकर व उनमें बढ़ोतरी करके जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।
बजरंग दास गर्ग शनिवार को गन्नौर की नई अनाज मंडी में आढ़तियों व व्यापारियों के साथ बैठक के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पानीपत में 11 अगस्त को प्रदेशस्तरीय व्यापारी सम्मेलन होगा। इसमें नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बतौर मुख्यातिथि व विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान शिरकत करेंगे। गर्ग ने कहा कि पानीपत में होने वाला सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। उन्होंने गन्नौर के आढ़तियों व व्यापारियों से भी सम्मेलन में पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान गन्नौर फूड ग्रेन एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र गोयल, मुकेश जैन, महाबीर छिक्कारा, सुरेश बत्रा, नीरज त्यागी, मनीष बंसल, अनिल कौशिक, पूर्व प्रधान राजेश जैन व विनोद जैन मौजूद रहे।