फोटो: : औचंदी बॉर्डर से पानीपत के लिए बस सेवा शुरू होने पर खुशी जाहिर करते ग्रामीण। स्रोत: पाठ
- फोटो : Samvad
खरखौदा। औचंदी बॉर्डर से पानीपत के लिए हरियाणा रोडवेज की बस सेवा शुक्रवार से शुरू हो गई। पानीपत डिपो की बस सुबह 10:30 बजे औचंदी बॉर्डर से रवाना हुई और वाया खरखौदा-सोनीपत होते हुए पानीपत पहुंचेगी। नई सेवा से खरखौदा क्षेत्र के साथ दिल्ली देहात के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। खासकर पानीपत की हैंडलूम मार्केट में खरीदारी और व्यापार के लिए जाने वाले लोगों को सुविधा होगी।
दिल्ली के गांव औचंदी में आयोजित कार्यक्रम में फोरम फॉर डेवलपमेंट, उत्तर-पश्चिम दिल्ली के चेयरमैन डॉ. प्रदीप वत्स ने बस सेवा का शुभारंभ किया। बाउनी के प्रधान प्रवीन सहरावत ने नारियल तोड़कर उद्घाटन किया। हरियाणा रोडवेज पानीपत के इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि बस सेवा से आईएमटी खरखौदा, आसपास के गांवों, मुरथल विश्वविद्यालय, गन्नौर और पानीपत आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों व अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
डॉ. प्रदीप वत्स ने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत के बाद पानीपत के लिए बस सेवा शुरू हो पाई है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त से औचंदी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए भी रोजाना सुबह 6:30 बजे बस चल रही है।
कार्यक्रम में बलराम राणा, राजेश राणा, महेंद्र वत्स, देवेंद्र नंबरदार, प्रो. अत्तर सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह, राजकुमार वत्स, राजेंद्र प्रसाद वत्स, ट्रांसपोर्ट चेयरमैन विकास राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।