रोडवेज मेें चालक पद पर नियुक्ति के लिए सोमवार से शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया से उम्मीदवारों को गुजरना कठिन रहा। रोडवेज की ओर से दक्षता परीक्षा के लिए जारी किए गए मानक पर युवा अभ्यर्थी खरे नहीं उतरे। पहले दिन आये 90 में से 62 उम्मीदवारों में से मात्र 8 उम्मीदवार ही टेस्ट को पास कर पाए। सोमवार से चालकों की दक्षता परीक्षा का आयोजन पानीपत जिले के लिए मुरथल स्थित चालक प्रशिक्षण संस्थान के प्रांगण में और सोनीपत जिले के लिए डग टेस्ट सोनीपत डिपो वर्कशॉप में व अन्य टेस्ट सेक्टर-7 में लिए गए।
रोडवेज विभाग में चालक के पद पर अभ्यर्थी भर्ती करने के लिए तीन प्रकार के टेस्ट रखे गए। इनमें पहला टेस्ट डग टेस्ट है, दूसरे चरण में जिग-जैग और तीसरे चरण में 8 शेप टेस्ट और चौथे चरण के लिए रोड टेस्ट लिया जा रहा है। डग टेस्ट में चालक को चढ़ाई पर गाड़ी चढ़ानी है। जिग-जैग में ट्रैक पर बेरिकेट लगाए गए, उनके बीच से गाड़ी का संतुलन बनाया जाना है। तीसरे चरण के 8 शेप टेस्ट में रोड पर सुरक्षित गाड़ी चलाकर दिखाना है और चौथे चरण के टेस्ट के लिए रोड पर गाड़ी को चलाना है।
सोनीपत के लिए 50 और पानीपत के लिए 40 उम्मीदवारों का लेना था टेस्ट
सोमवार से शुरू हुई चालक भर्ती दक्षता परीक्षा में पहले दिन रोडवेज के अनुसार 50 प्रत्याशी सोनीपत जिले के लिए और 40 प्रत्याशी पानीपत जिले के लिए बुलाए गए थे, लेकिन सोनीपत के लिए 37 प्रत्याशी सोनीपत डिपो में और पानीपत के लिए 25 उम्मीदवार मुरथल प्रशिक्षण संस्थान में पहुंचे। रोडवेज चालक भर्ती प्रक्रिया से गुजरते सोनीपत के लिए 5 और पानीपत के लिए 3 उम्मीदवार ही टेस्ट को पास कर पाए। यह भर्ती प्रक्रिया वीडियोग्राफी के बीच हुई।
29 को भी दिया मौका
यदि अभ्यर्थी किसी कारणवश 21 से 28 दिसंबर के दौरान भर्ती में नहीं पहुंच पाते है, उनकी परीक्षा 29 दिसंबर को भी ली जाएगी। यदि 29 को भी परीक्षा देने अभ्यर्थी नहीं पहुंचता है तो उसको बाहर कर दिया जाएगा।
चालक पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवारों की सूची को मुख्यालय भेज दिया गया है। 29 दिसंबर तक उम्मीदवारों के टेस्ट लिए जाएंगे। उसके बाद मुख्यालय की ओर से साक्षात्कार प्रक्रिया का आयोजन होगा।
-जयपाल राणा, जीएम, रोडवेज