गन्नौर । गांव आहुलाना के रहने वाले बीएसएफ जवान ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान की मौत की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार को जवान को पार्थिव शरीर गांव में लाया जाएगा।
परिजनों का कहना कि उन्हें शनिवार सुबह सुरेश के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। उनके कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में आने वाले गोड़ा और डोटोमेट गांव के बीच सर्विस रायफल से आत्महत्या किए जाने का पता लगा था। उनका दल शुक्रवार को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना हुआ था। शनिवार सुबह लौटते हुए शिविर के पास उन्होंने आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह जवान का शव गांव में पहुंचेगा। उनकी पत्नी सुदेश देवी व बेटे रोहित व सचिन का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरेश ने शुक्रवार की शाम को पत्नी से बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि अब देर हो गई है, तुम भी खाना खा लो और में भी खा लूंगा। उन्होंने बताया कि वह 17 मार्च को ड्यूटी पर गए थे।