गन्नौर। फल व्यापारी से बदमाशों ने लॉरेंस गैंग व दीपक बॉक्सर का भाई बताकर हर महीने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। बदमाशों ने उसे रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित व्यापारी ने मामले की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस को दी है।
जफरपुर निवासी मनवर ने बताया कि वह गन्नौर मंडी में फल आपूर्ति का काम करते हैं। उनके पास 20 दिनों से विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आ रही है। कॉल करने वाले खुद को दीपक बॉक्सर व लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बता कर उनसे हर महीने एक लाख रुपये देने की मांग कर रहे हैं। रुपये देने से मना किया तो बदमाश गाड़ी लेकर उसके घर पहुंच गए। उनमें प्रवीण ने खुद को बॉक्सर दीपक का भाई बताया और अपने साथी रोहित व अन्य बदमाश के साथ आकर पैसे देने की बात कही। उसने रुपये देने से मना किया तो बदमाशों ने उन्हें जान से मारने व काम बंद करने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि 4 मई को भी गाड़ी में आए 8-10 लड़कों ने लाठी डंडों से हमला किया था। वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले थे और डायल 112 को भी सूचना दी थी। गन्नौर थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्रवीन, रोहित व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। नामजद आरोपियों पर पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।