खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में महिला, उनके दो बच्चों और उनका भाई घायल हो गए। महिला और बच्चों को गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला के भाई संजीत की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव मंडोरा निवासी संजीत दहिया ने बताया कि उनकी बहन रुचिका की ससुराल रोहतक के गांव पटवापुर में है। जहां से वह अपनी बहन, दोनों भांजों अंशुल और विराज को कार में बैठाकर सोनीपत आ रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे केएमपी एक्सप्रेस के पिपली टोल प्लाजा को पार कर कुंडली तरफ बढ़ने पर एक अज्ञात वाहन चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिसमें उन्हें चोटें आई है। उनकी बहन व दोनों भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उसने मामले की सूचना अपने परिजन को दी। तीनों को गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने संजीत की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।