गन्नौर। जनस्वास्थ्य विभाग ने पेयजल लाइन ठीक करने के लिए एक माह पहले नगरपालिका रोड उखाड़ दी थी। पेयजल लाइन ठीक करने के बाद सड़क को ठीक नहीं करवाया जा रहा है। गड्ढे में मिट्टी भर कर छोड़ रखा है। ऐसे में दुकानदारों के साथ वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। ऐसे में दुकानदार जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को शिकायत देने पहुंचे।
दुकानदार अमन, सुनील, अनुराग ने बताया कि 22 मई को पेयजल लाइन को ठीक करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने उनकी दुकानों के सामने सड़क का बड़ा हिस्सा तोड़ दिया था, लेकिन एक महीने बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा। जिससे उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में धूल जा रही है, जिससे उनका दुकान में बैठना भी दूभर हो गया है। शिकायत देने से पहले वह जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में जाकर कनिष्ठ अभियंता को कई बार अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों व विधायक से करेंगे।