सोनीपत। एक माह के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शनिवार से स्कूलों में रौनक लौट आई। स्कूल खुलने पर पहले दिन कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति बेहद कम रही। राजकीय विद्यालयों में जहां 20 से 25 फीसदी उपस्थिति रही तो वहीं निजी विद्यालयों में 50 से 60 फीसदी विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होने के कारण बेहतर तरीके से पढाई नहीं हो सकी। सोमवार से विद्यार्थी संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी राजकीय व निजी विद्यालयों में 1 से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश घोषित किया था। ग्रीष्मावकाश के बाद शनिवार को स्कूलों में रौनक लौट आई। हालांकि पहले दिन सभी कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही। शिक्षकों ने कहा कि एक जुलाई को शनिवार होने के कारण ज्यादातर विद्यार्थी नहीं पहुंचे। 2 जुलाई को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में विद्यार्थी सोमवार से ही स्कूलों में पहुंचेंगे। कुछ निजी स्कूलों ने 3 जुलाई से ही स्कूल खोलने का मैसेज विद्यार्थियों के पास भेज दिया था। ऐसे में सोमवार से ही स्कूलों में नियमित तरीके से पढ़ाई हो सकेगी।