सोनीपत। गांव जुआं में बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित कराने के लिए ग्रामीणों ने जिला पार्षद संजय बड़वासनी के साथ खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश टिवाना से मुलाकात की। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि बीपीएल परिवारों के साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा।
प्रशासन जिस पंचायती जमीन पर प्लॉट आवंटित करने का प्रयास कर रहा है, उस जमीन पर हाईटेंशन तारों का जाल बिछा हुआ है। वहां पर प्लॉट काटे गए तो लोग वहां घर नहीं बना सकते। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि दूसरी जगह का प्रस्ताव पास करवाकर पात्र लोगों को 100-100 गज प्लॉट आवंटित किए जाएं। जिससे पात्र लोगों को हक मिल सके। इस पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने जल्द ही प्लॉट आवंटन करने के लिए दूसरी जगह तलाश कर पात्र लोगों को उनका हक दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लोगों को प्लॉट आवंटित नहीं किए तो ग्रामीण कार्यालय पर ताला जड़ने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस दौरान सरपंच सुरेंद्र, तिहाड़ कलां के पूर्व सरपंच प्रदीप, मामन, रमेश, बलबीर, कपूर सिंह, धर्मपाल आदि मौजूद रहे।