फोटो 14- सोनीपत के गोहाना में पुलिस टीम के साथ मोबाइल की दुकान में चोरी करने के आरोपी। संवाद
गोहाना। सिविल रोड स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी करने की वारदात को पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गोहाना के इंद्रगढ़ी निवासी सौरभ व गौतम हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सभी 19 मोबाइल भी बरामद किए हैं। गोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि गोहाना के रेलवे कॉलोनी निवासी विजय ने मंगलवार को थाना शहर पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि सिविल रोड पर पुराना बस अड्डा के पास उनकी मोबाइल की दुकान है। 16-17 दिसंबर की रात को चोरों ने दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के मोबाइल चोरी कर लिए हैं। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से सभी 19 मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पुलिस वीरवार को अदालत में पेश करेगी।
नशे की लत को पूरा करने के लिए की चोरी
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि दोनों आरोपी गोहाना के इंद्रगढ़ी निवासी हैं और पड़ोसी हैं। दोनों नशे के आदी हैं और नशे की लत को पूरा करने के लिए ही इन्होंने मोबाइल की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी इन मोबाइल को दिल्ली की गफ्फार मार्केट में बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही काबू कर लिया। आरोपियों में सौरभ पर पहले भी मारपीट का एक मुकदमा दर्ज हैं, जबकि गौतम पर पहले कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।