फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कत्था फैक्टरी में ब्लास्ट: दिल्ली में दम तोड़ने वाले तीनों श्रमिकों के शवों की हुई पहचान, पोस्टमार्टम कराया

Tue, 21 May 2024 09:23 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। फैक्टरी में बॉयलर फटने से हादसा हुआ था, अंदर काम कर रहे सभी श्रमिकों की मौत हो चुकी है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक बिहार व उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले थे।  
विज्ञापन
सोनीपत के प्याऊ मनियारी में बॉयलर ब्लास्ट के बाद क्षतिग्रस्त फैक्टरी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के सोनीपत के राई क्षेत्र में प्याऊ मनियारी-नरेला रोड स्थित दहिया कॉलोनी की श्री गणेश कत्था फैक्टरी में जोरदार धमाके के साथ बॉयलर फटने के बाद मलबे में दबकर दिल्ली में जान गंवाने वाले तीन अन्य श्रमिकों के शवों की पहचान हो गई है। पहचान के बाद पुलिस ने तीनों शवों का दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतकों में दो बिहार तो एक उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी का रहने वाला था।

विज्ञापन


मौके पर जान गंवाने वाले तीन अन्य के शव पहले ही परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। पुलिस अभी तक फैक्टरी मालिकों के बारे में सुराग नहीं लगा सकी है। इससे श्रमिकों के परिजनों में पुलिस के खिलाफ रोष बढ़ने लगा है।

श्री गणेश इंटरप्राइजेज में कत्था बनाया जाता था। फैक्टरी में 15 मई रात को छह श्रमिक कार्यरत थे। रात करीब साढ़े 11 बजे तेज धमाके के साथ फैक्टरी में बॉयलर फट गया था। इससे चार मंजिल के भवन में चलाई जा रही फैक्टरी का लेंटर गिर गया था। फैक्टरी में मलबे से मूलरूप से बिहार के जिला पश्चिमी चंपारण के बेतिया स्थित गांव अहीरोलिया के गुलाब कुर्मी (45) व बेतिया के गांव भीकमपुर निवासी ब्रजेश (27) का शव बरामद कर लिया गया था।
विज्ञापन


वहीं बिहार के जिला मोतिहारी के गांव मठलोहिया निवासी सुखदेव (45) का शव डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) की टीम ने 20 घंटे बाद बरामद किया था। पुलिस ने मामले में सुखदेव पंडित के बेटे चंदन के बयान पर फैक्टरी मालिक सुरेश बंसल, सुशील बंसल और अक्षत गुप्ता, ठेकेदार संदीप और मैनेजर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

हादसे में घायल तीन अन्य श्रमिकों की दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में मौत हो गई थी। शुरुआत में उनके पैतृक गांव के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी थी। पुलिस की जांच के बाद शवों की पहचान हो सकी। शव उत्तर प्रदेश के जिला लखीमपुर खीरी के गांव धरधनिया निवासी रमेश कुमार (47), बिहार के जिला पश्चिमी चंपारण के गांव बनौरा निवासी दिनेश पासवान (45) व प्रदीप (30) के थे। पुलिस ने मंगलवार को तीनों शवों का दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सप्ताह बाद भी पुलिस नहीं लगा पाई फैक्टरी मालिकों का सुराग
सप्ताह भर पहले हुई घटना में पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। अभी तक पुलिस के पास आरोपियों के महज नाम ही हैं। उनके बारे में पुलिस पता लगाने का दावा ही कर रही है। वहीं फैक्टरी में कार्यरत सभी छह श्रमिकों की मौत हो चुकी है। ऐसे में श्रमिकों से भी मदद मिलने की उम्मीद खत्म हो चुकी है।

एसडीएम ने जांच को रिकॉर्ड मंगवाया
उपायुक्त ने मामले की जांच एसडीएम सोनीपत को सौंपी है। उन्होंने जांच के लिए रिकॉर्ड तलब करना शुरू कर दिया है। इसके बाद मामले में गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें