सोनीपत। आंधी के 50 घंटे बाद भी शहर की कई कॉलोनियों व ग्रामीण क्षेत्र में ब्लैक आउट छाया हुआ है। लोग बिजली की किल्लत से परेशान हैं। अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं अधिकारियों का दावा है कि जिलेभर में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी है। साथ ही कहा गया कि जिन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है, वहां के कनिष्ठ अभियंता से संपर्क करके लोग बिजली समस्या का समाधान करा सकते है।
शुक्रवार रात 9.30 बजे आंधी के बाद बिजली निगम को काफी नुकसान हुआ है। बिजली निगम के सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 2427 खंभे टूट गए और 329 ट्रांसफार्मर गिर गए। जिसकी वजह से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने के लिए लोगों के सामने पेयजल का संकट गहरा गया। सेक्टर-23 में रविवार शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं शहर की अधिकतर कॉलोनियों में 50 घंटे भी बिजली न होने के कारण लोगों के सामने पानी का संकट बना हुआ है। इन कॉलोनियों में प्रभु नगर मंडी, सिक्का कॉलोनी, तारा नगर, राजेंद्र नगर, जनता कॉलोनी, दहिया कॉलोनी, फाजिलपुर, गढ़ी ब्राह्मणान, मयूर विहार में पानी का संकट बना हुआ है। यही हालात रायपुर व अनेक गांव में बने हुए हैं।
अधिक वोल्टेज आने पर हुकुमचंद मंडी के पास घरों के उपकरण फुंके
गोहाना। हुकुमचंद मंडी के पास लगे क्षेत्र में शनिवार रात 11 बजे अचानक अधिक वोल्टेज आने से घरों के अंदर बिजली उपकरण फुंक गए। घरों के अंदर टीवी, एलईडी, एसी, फ्रिज, वोल्टेज व अन्य उपकरण जल गए। जिससे लोगों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली निगम की लापरवाही से उनके घरों के उपकरण जले हैं। क्षेत्र वासी, ओमप्रकाश, रमेश, अनिल, कविता व पिंकी ने बताया कि शुक्रवार रात आंधी के वजह से बिजली आपूर्ति बंद थी। शनिवार रात 11 बजे अचानक से अधिक वोल्टेज आ गई। जिससे उनके घरों में जो बिजली उपकरण चालू थे, सभी फुंक गए है।
वर्जन
अधिक वोल्टेज ट्रांसफार्मर से किसी फाल्ट के कारण हो सकती है। यदि किसी को समस्या है तो बिजली निगम के टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करवाए, उसके बाद कार्रवाई न होने पर कार्यालय में संपर्क करें। उपभोक्ता वोल्टेज का इस्तेमाल करें, ताकि घरों में बिजली के उपकरण सुरक्षित रह सके।-राज सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम
वर्जन
आंधी के बाद क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करवाकर निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी है। आंधी में 2427 खंभे टूटे, 329 ट्रांसफार्मर गिरे हैं। अगर किसी क्षेत्र में लाइट नहीं है तो वह संबंधित जेई से संपर्क करके अपनी समस्या का समाधान करा सकते है। गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभिंयता, बिजली निगम