गोहाना। बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार को ब्लैक फंगस के दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। इसके साथ ही एक अन्य मरीज का ऑपरेशन किया गया और एक को ऑपरेशन के बाद हालत ठीक होने पर घर भी भेजा। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार यहां भर्ती मरीजों की हालत सामान्य है।
मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए 75 बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। यहां अब तक ब्लैक फंगस के लक्षणों से पीड़ित 32 मरीज भर्ती हो चुके हैं। सरकार के निर्देशानुसार यहां सोनीपत व पानीपत से रेफर होकर आने वाले मरीजों को ही दाखिल किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए मरीजों में से अब तक आठ में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई और चिकित्सकों की टीम 16 का ऑपरेशन भी कर चुकी है। मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. राजीव महेंद्रु ने बताया कि शनिवार को दो नए मरीजों को दाखिल किया गया है। उनमें ब्लैक फंगस के लक्षण हैं, जिनकी जांच व इलाज शुरू कर दिया है। इसके अलावा एक मरीज का ऑपरेशन भी किया गया है। इसके अलावा एक मरीज को ठीक होने पर घर भी भेजा है।
कोविड अस्पताल में 37 वेंटिलेटर खाली
मेडिकल कॉलेज के विशेष कोविड अस्पताल में फिलहाल 27 मरीज उपचार करवा रहे हैं। इनमें से 11 मरीज ऐसे हैं जो 10 दिन से ज्यादा और 16 मरीज 11 दिन से कम समय से भर्ती हैं। इससे अस्पताल में अभी आईसीयू समेत 300 ऑक्सीजन बेडों में से 265 और 50 वेंटिलेटर में से 37 बेड खाली हैं।