गोहाना/सोनीपत। कृषि मंत्री जेपी दलाल का मुंडलाना के बाद अब रविवार को छिछड़ाना गांव में विरोध हुआ। यहां किसानों ने अर्धनग्न होकर विरोध जताया और उनको काले झंडे दिखाए। किसानों ने कृषि मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उनको पहले ही रोक लिया। मदीना गांव के अंदर भी किसानों ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया।
कृषि मंत्री जेपी दलाल का रविवार को बरोदा हलके के कई गांवों में दौरा था और वह अपने कार्यक्रमों के अनुसार गांवों में दौरा करने निकले। वह जब मदीना गांव में पहुंचे तो वहां पहले से कुछ किसान अपने मकानों की छत पर काले झंडे लेकर खड़े थे। उन किसानों ने मंत्री के जाने पर काले झंडे लहरा दिए। जहां मंत्री का कार्यक्रम हुआ और उसके बाद वह आगे निकल गए। इसके बाद मंत्री गांव छिछड़ाना में पहुंचे तो वहां पर किसानों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया और काले झंडे भी दिखाए। वहां किसानों ने मंत्री के कार्यक्रम व उनकी कार तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उनको कार्यक्रम स्थल व कार तक नहीं जाने दिया। वहां प्रदर्शन करने वाले लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में वह प्रदर्शन कर रहे हैं और वह जजपा व भाजपा नेताओं का विरोध करेंगे।