गोहाना। भाजपा सरकार ने सोनीपत को शिक्षा के हब से बेरोजगारी, अपराध और नशे का हब बना दिया। अपनी झूठी घोषणाओं पर आचार संहिता का पर्दा डालने के लिए प्रदेश में जल्द चुनाव घोषित करा दिए। अब जनता 01 अक्तूबर को वोट के माध्यम से भाजपा सरकार से निजात पाएगी। यह बात रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत गोहाना में निकाली गई पदयात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कही।
कांग्रेस की तरफ से बुधवार को सोनीपत रोड स्थित नई सब्जी मंडी (रेस्ट हाउस के सामने) से पदयात्रा की शुरुआत की। पदयात्रा परशुराम चौक, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर चौक (फव्वारा चौक), महर्षि वाल्मीकि चौक (समता चौक), दीनबंधु सर छोटूराम चौक (पुराना बस अड्डा) होते हुए पुरानी अनाज मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पहुंची। इस दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में विकास नहीं हुआ है। दस साल में जनता को टूटी सड़कें, जाम सीवर, जलभराव और बिजली-पानी की किल्लत झेलने को मजबूर कर दिया। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि बुटाना में विश्वविद्यालय कहां गया? कन्या महाविद्यालय का क्या हुआ? आईएमटी का क्या हुआ? राइस मिल का क्या हुआ? बारिश के पानी की निकासी का क्या हुआ? नहरी पानी कम क्यों आ रहा है? हर गांव में जलापूर्ति की समस्या दूर क्यों नहीं हुई ?
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार में 81 किलोमीटर मेट्रो बनी और चार शहर मेट्रो से जुड़े थे। भाजपा सरकार के 10 साल में मेट्रो का एक खंभा भी नहीं बना है। भाजपा में अपराध का आंकड़ा लगातार बढ़ा है। हर गांव से कोई न कोई गैंगस्टर, नाबालिग शूटर निकल रहा है। हरियाणा अपराधियों की शरणस्थली बन गया है। हरियाणा हत्या दर में नंबर 2 पर है। पदयात्रा में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक जगबीर मलिक, विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक सुरेंद्र पवार के बेटे ललित पंवार, पूर्व विधायक सुखबीर फरमाना, पूर्व विधायक पदम दहिया, कर्नल रोहित चौधरी, सुरेंद्र दहिया कपूर नरवाल, सुमेर प्रधान, पुनीत राणा, बिजेंद्र आंतिल, जयभगवान आंतिल, जगदीश भावड़, संजय बड़वासनी सहित अन्य मौजूद रहे।