फोटो :45: सोनीपत में भाजपा प्रत्याशी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते केंद्रीय मंत्री मनोहर
सोनीपत। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पांच राज्यों में आने वाले चुनाव परिणामों को लेकर सोमवार दोपहर तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। भाजपा सभी राज्यों में सरकार बनाने जा रही है। वह रविवार रात सोनीपत में भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
चुनावी माहौल का जायजा लेने के दौरान उन्होंने कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कल तक ममता बनर्जी कुछ कहेंगी और हम कुछ और। इशारों में उन्होंने सियासी बयानबाजी को लेकर विपक्ष को घेरा।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर दिए गए बयान को लेकर मनोहर लाल ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मत है। पार्टी का इससे कोई सीधा संबंध नहीं है। वहीं कुलदीप बिश्नोई के वीडियो प्रकरण पर उन्होंने बताया कि पार्टी के अधिकारी उनसे बातचीत कर रहे हैं और मामले का जल्द समाधान कर लिया जाएगा।
हरियाणा के निकाय चुनावों पर मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रही है और अनुशासनहीनता बरतने वाले नेताओं को पहले ही बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है। उनके साथ विधायक निखिल मदान भी मौजूद रहे।