संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। ढुराना रोड पर बाइक सवार की मौत पशु से टकराकर नहीं बल्कि वाहन की टक्कर से हुई थी। बाइक सवार के भाई ने मामले की शिकायत देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव जवाहरा निवासी होशियार सिंह ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह पांच भाई हैं। सबसे छोटे भाई बलराज (40) सब्जी बेचते थे। 23 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे वह बाइक पर सवार होकर किसी काम से घर गए थे। परिजनों को सूचना मिली कि बलराज ढुराना रोड पर हादसे में घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को खानपुर कलां के भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। उन्हें पता लगा था कि किसी पशु के आगे आने से बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ है। जिस पर पुलिस ने निवारक कार्रवाई की थी। पुलिस ने 24 अप्रैल को शव का पोस्टमार्टम करा दिया था। अब परिजनों ने पुलिस को बताया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि पशु के आगे आने से नहीं किसी वाहन की टक्कर से बलराज की जान गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।