गोहाना। बड़ौता गांव के निकट सर्विस रोड पर ईको गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक बड़ौता गांव निवासी शिव कुमार घायल हो गए। घायल शिवकुमार की महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक के भाई मुकेश ने सदर थाना में घटना की प्राथमिकी दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे शिवकुमार पड़ोसी विकास की बाइक लेकर निजी काम से गोहाना जा रहे थे। सोनीपत रोड पर जाने के लिए वह गांव के सर्विस रोड पर चल रहे थे, इस दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रही ईको गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। ईको गाड़ी के ड्राइवर ने अपना नाम जींद जिला के रामचंदवाला गांव निवासी अनिल बताया था। उन्होंने शिवकुमार को मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।