सोनीपत। नेशनल हाईवे-334बी के पास गांव खेवड़ा फ्लाईओवर के निकट ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उनकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव दोघट की रहने वाली रेखा ने बताया कि वह अपने पति के साथ फिलहाल कुंडली के प्याऊ मनियारी में किराए पर रहती हैं। वह अपने पति नीलम संग रविवार को बाइक पर सवार होकर अपने गांव दोघट जा रही थी। जब वह गांव खेवड़ा में फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में सड़क पर गिरकर वह तथा उनके पति घायल हो गए। दोनों को राहगीरों ने घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में नीलम को मृत घोषित कर दिया गया। रेखा को उपचार दिया जा रहा है।सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।