गन्नौर। जीटी रोड पर गांव गढी कलां फ्लाईओवर के पास क्रेटा गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक हरियाणा पुलिस के सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। सिपाही ने मामले की शिकायत थाना गन्नौर में दी है।
गांव तिहाड़ मलिक निवासी सचिन कुमार ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं और छह महीने से पानीपत पुलिस लाइन में तैनात हैं। वह पुलिस लाइन से बाइक पर घर लौट रहे थे तो गांव गढी कलां के पुल से नीचे उतरने के बाद एक क्रेटा गाड़ी उन्हें ओवरटेक कर आगे आई और गाड़ी चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे क्रेटा गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद गाड़ी का चालक पानीपत के समालखा निवासी जोगिंद्र उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस ने सिपाही सचिन कुमार की शिकायत पर आरोपी जोगिंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।