संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गंगा स्नान करने के लिए हरिद्वार जा रहे दो दोस्त हादसे का शिकार हो गए। गांव गढ़मिरकपुर के पास यमुना नदी के पुल के निकट उनकी बाइक पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बैंयापुर खुर्द निवासी प्रदीप ने बहालगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके 45 वर्षीय भाई प्रवीन कुमार ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में सुरक्षा कर्मी थे। मंगलवार को वह अपने दोस्त गांव बैंयापुर के पवन वर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे।
जब दोनों गढ़मिरकपुर गांव से आगे यमुना नदी के पुल के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उनको सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पवन वर्मा को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।