संवाद न्यूज एजेंसी
राई। गांव छतेहरा व मल्ला माजरा के बीच स्थित स्टेडियम के पास तीन बदमाशों ने बाइक सवार डंपर चालक को रोककर पिस्तौल के बल पर लूटपाट की। बदमाश उनकी बाइक व 16 हजार की नकदी लूटकर भाग गए। वारदात के समय पुलिस नाइट डोमिनेशन चला रही थी। लूट की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।
गांव हलालपुर निवासी कुलबीर ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह गांव मुकीमपुर निवासी विकास के डंपर पर चालक है। वह शुक्रवार रात को डंपर लेकर यमुना पर गए थे। डंपर को वहां खड़ा कर आधी रात को बाइक पर अपने गांव जा रहे थे। रात साढ़े 12 बजे छतेहरा व मल्ला माजरा के बीच स्टेडियम के पास तीन युवक बिना नंबर की बाइक पर आए और उन्हें रोक लिया। एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद दूसरे युवक ने उनसे 16 हजार रुपये और बाइक लूट ली और फरार हो गए। जिसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
नाइट डोमिनेशन के बावजूद वारदात कर भागे बदमाश
पुलिस ने रात को नाइट डोमिनेशन (रात्रि गश्त) अभियान चला रखा था। जिसमें ज्यादातर पुलिस सड़कों पर रहकर अपराधिक तत्वों की धरकपड़ करती है। नाइट डोमिनेशन के बावजूद बदमाश वारदात कर निकल भागे। पुलिस उनका पता लगाने के लिए प्रयास में जुटी है।
चालक ने पिस्तौल दिखाकर लूटपाट करने की शिकायत दी है। जिस पर केस दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।