सोनीपत। मातूराम हलवाई की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर रंगदारी की मांग करने वाले भाऊ गैंग के सदस्य खाकी वालों पर भी फायरिंग करने से पीछे नहीं हटते। एक माह के दौरान दो बार पुलिस की गैंग के सदस्यों से मुठभेड़ हो चुकी है। इसके बाद से एसटीएफ लगातार गैंग के गठजोड़ को तोड़ने में लगी है। अमेरिका में बैठ कर हिमांशु उर्फ भाऊ साथी साहिल संग गैंग चला रहा है। पुलिस साहिल के पिता व बुआ के लड़के को भी गैंग के लिए फंडिंग करने में गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए हिसार के नारनौंद स्थित गांव डाटा निवासी प्रवीन व नारनौंद के गौतम कॉलोनी निवासी हिमांशु के खिलाफ बहालगढ़ थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
शुक्रवार रात एसटीएफ संग मुठभेड़ में पकड़े गए शूटर प्रवीन उर्फ पहलवान और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़कर अपराध को अंजाम दे रहे थे। अमेरिका में बैठकर गैंग चला रहे रोहतक के गांव रिटौली के हिमांशु उर्फ भाऊ ने गैंग की ताकत बढ़ाने के लिए लगातार वारदात करने लगा था। लॉरेंस गैंग के खिलाफ उसने बंबीहा गैंग से गठजोड़ कर लिया। वह दिल्ली एनसीआर में रंगदारी का नेटवर्क खड़ा करने में लगा है। बताया जा रहा है कि नीरज फरीदपुरिया बंबीहा और कौशल गिरोह को लीड कर रहा है। फरीदाबाद में जून 2019 को विकास चौधरी की हत्या से उसका नाम जुड़ा था। जमानत पर आने के बाद वह भूमिगत हो गया था।
ऐसे में भाऊ गैंग ने नीरज फरीदपुरिया, सोनीपत के कुल्लू बुसानिया, कौशल, झज्जर में रोहित छपार और हिसार में साजिद खान से गठजोड़ कर लिया। गैंग के सदस्य हिसार की बोस्टल जेल में मिले थे। जिसने 12 अक्तूबर, 2020 को बोस्टल जेल ब्रेक कांड को अंजाम दिया था। इसमें हिमांशु सहित 15 अन्य फरार हो गए थे। इनमें कई कुख्यात शूटर है। हिमांशु भाऊ इनको टारगेट देता है।
विदेश में बैठे साहिल के पिता व रिश्तेदार करने लगे थे फंडिंग
मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग के बाद एसटीएफ इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। टीम ने विदेश में बैठे साहिल के पिता रिटौली निवासी कैलाश चंद्र को गिरफ्तार किया था। तब पर्दा उठा था कि साहिल ने पिता व बुआ के बेटे राहुल को भी फंडिंग में लगा रखा है। रोहतक के गांव गुडन के राहुल के साथ उसके दोस्त यश उर्फ पांडु को भी दबोचा जा चुका है।
एसटीएफ भाऊ गैंग पर लगातार शिकंजा कस रही है। भाऊ गैंग की तरफ से दो बार पुलिस पर हमला किया गया था, जिसमें टीम ने अपना बचाव कर गैंग के सदस्यों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। पुलिस गैंग के गठजोड़ पर लगातार कार्रवाई कर रही है। गैंग के कई सदस्य जेल भेजे जा चुके हैं। आपराधिक प्रवृति के लोगों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
वसीम अकरम, एसपी, एसटीएफ