सोनीपत। गोहाना के गांव जौली में व्यक्ति के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करने व उसके घर से दूसरे व्यक्ति के घर उठाकर ले जाने के बाद बंधक बनाने का मामला सामने आया है। जौली के वेदप्रकाश ने सदर गोहाना पुलिस को बताया कि उसका गांव के मांगू के साथ 29 मार्च को झगड़ा हो गया था। जिसमें दोनों पक्षों में पंचायती तौर पर समझौता हो गया था। उसने बताया कि 16 अप्रैल की रात को साढ़े 10 बजे वह अपने भतीजे के कमरे में बैठा था। इसी दौरान मांगू व उसके परिवार के नौ सदस्य हाथों में जैली व अन्य हथियार लेकर उसके भतीजे के कमरे में आ गए। पहले हुई कहासुनी की रंजिश में उन्होंने उसके साथ मारपीट की। बाद में वह उसे उठाकर अपने परिवार के महाबीर के घर ले गए। वहां पर उसे बंधक बनाकर रखा गया। उसके साथ मारपीट की गई। जिस पर परिजन व अन्य ग्रामीणों ने महाबीर के घर पहुंचकर उसे छुड़वाया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।