गोहाना/सोनीपत। बरोदा उपचुनाव के लिए जमा कराए गए 24 नामांकनों की शनिवार को जांच की गई। जिनमें से 7 नामांकन निरस्त कर दिए गए हैं तो उसके बाद कुल 17 नामांकन बच गए हैं। जिन प्रत्याशियों ने दो-दो नामांकन जमा कराए थे, उनमें से एक-एक को निरस्त किया गया है तो ऐसे भी नामांकन है, जिनको कमी मिलने पर निरस्त किया गया है। अब 19 अक्तूबर तक नाम वापसी हो सकती है और उसके बाद फाइनल सूची जारी होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि भाजपा के योगेश्वर दत्त, कांग्रेस के इंदूराज नरवाल उर्फ भालू, इनेलो के जोगेंद्र, राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी से इंद्र सिंह, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी से राजकुमार, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से सुमित, भारतीय जनराज पार्टी से सोनू के अलावा निर्दलीय कपूर नरवाल, कमलजीत, गुलशन, जोगेन्द्र सिंह, प्रवीन कुमार, राजेंद्र सिंह, रामफल, शक्ति सिंह, संत धर्मवीर चोटीवाला, सरोज बाला के नामांकन सही मिले हैं। जबकि कांग्रेस के इंदूराज नरवाल, भाजपा के योगेश्वर दत्त के दो नामांकन होने के कारण एक-एक निरस्त किया गया है। इनमें अलावा आरजीडी के प्रत्याशी तिलकराज, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के कवरिंग प्रत्याशी राजेंद्र सिंह, निर्दलीय रमेश खत्री, निर्दलीय दीक्षित खत्री के नामांकनों को निरस्त किया गया है।