खरखौदा। बार एसोसिएशन खरखौदा के प्रधान की गाड़ी रोककर बाइक सवार युवकों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बार प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बार एसोसिएशन प्रधान अधिवक्ता आशुतोष सरोहा ने बताया कि वह बैंक से अपना काम निपटाकर घर की तरफ जा रहे थे। बस स्टैंड के पास जब वह अपने घर की तरफ मुड़ने लगे तो अचानक एक बाइक उनकी कार के सामने आकर रुकी। उन्होंने हाॅर्न बजाया तो वह गाड़ी के दरवाजे के पास आ गए। इसी दौरान एक दूसरी बाइक भी वहां पर आ गई।
इसके बाद उन्होंने धमकी देकर उनसे गाड़ी से नीचे उतरने को कहा। नीचे उतरते ही वह उनके साथ छीना झपटी करने लगे और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आसपास के दुकानदार एकत्रित हो आए और बीच-बचाव किया तो धमकी देने लगे कि आज तो बचा लिया है, मौका मिलते ही जान से मारेंगे। शिकायत मिलने के बाद खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।