गोहाना। गांव माहरा के ग्रामीण ने उप पुलिस आयुक्त को दो बैंक कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने की शिकायत दी है। पीड़ित का आरोप है कि बैंक कर्मियों ने खुद उनके बैंक में मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी को बदल दिया। बैंककर्मी पीड़ित के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। बैंक में शिकायत करने पर कोई समाधान नहीं हो रहा है।
माहरा निवासी रौनक दहिया ने बताया कि उन्होंने गत वर्ष 27 जुलाई को एक बैंक में क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन व्यक्तिगत समस्या के चलते वह अपनी केवाईसी पूरी नहीं कराए पाए। जबकि बैंक के एक अधिकारी ने उनकी अनुमति के बिना दोबारा से क्रेडिट कार्ड का आवेदन कर दिया। इतना ही नहीं रौनक के मोबाइल नंबर और ईमेल को भी बदल दिया। क्रेडिट कार्ड को बैंक कर्मी सज्जन सिंह और सुरेंद्र सिंह इस्तेमाल कर रहे हैं। पीड़ित ने इसकी शिकायत बैंक को दी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। बरोदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।