सोनीपत। ऊंचाहार एक्सप्रेस में सवार होकर कानपुर से चंडीगढ़ जा रही महिला का बैग सोनीपत क्षेत्र में छीनकर भागने का मामला सामने आया है। महिला के बैग में नकदी, मोबाइल, दवाई व अन्य सामान था। महिला के पति के बयान पर जीआरपी चंडीगढ़ से जीरो एफआईआर दर्ज कर सोनीपत जीआरपी को भेजी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचकूला के सेक्टर-8 निवासी राकेश ने जीआरपी को बताया कि उनकी पत्नी सरोज बेटे वरुण के साथ 4 जुलाई को कानपुर सेंट्रल स्टेशन से चंडीगढ़ के लिए ऊंचाहार एक्सप्रेस में सवार होकर चली थी। जब 5 जुलाई को सुबह पांच बजे ट्रेन नरेला से आगे पहुंची तो एक व्यक्ति सरोज के हाथ से बैग छीनकर बाहर कूद गया और फरार हो गया। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन वह नहीं रुका। इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। उसके बाद टीटी पहुंचा और पूरी जानकारी ली। उनकी पत्नी के बैग में मोबाइल, दवाई, 12 सौ रुपये की नकदी और कुछ अन्य सामान था। राकेश कुमार ने इसकी शिकायत चंडीगढ़ जीआरपी को दी। वहां पर शून्य एफआईआर दर्ज करने के बाद सोनीपत भेजी गई। अब सोनीपत जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।