संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। ओबीसी आरक्षण में अनदेखी को लेकर गोहाना में पिछड़ा समाज के लोगों ने विरोध जताया। गुढ़ा रोड स्थित बैकवर्ड भवन में हुई बैठक में समाज के लोगों ने एचपीएससी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और इसे ओबीसी विरोधी बताया।
बैठक की अध्यक्षता रामदिया रत्तेवाल ने की जबकि मंच संचालन सुभाष भट्टी ने संभाला। बैठक में पहुंचे ओबीसी अभ्यर्थियों ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि 440 पद खाली छोड़ दिए गए हैं जिनमें 5 जज, 84 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी और 351 पीजीटी के शामिल हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उनके पास वैध सर्टिफिकेट होने के बावजूद कैटेगरी सर्टिफिकेट का बहाना बनाकर उन्हें बाहर किया गया। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया। बताया गया कि 490 पात्र अभ्यर्थियों की जगह केवल 97 को ही पास किया गया।
बैठक में सरकार की 35 प्रतिशत नीति को ओबीसी के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध करने का फैसला लिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ओबीसी ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र तंवर ने कहा कि 25 अप्रैल से गांव-गांव अभियान चलाया जाएगा और 20 मई को एचपीएससी का घेराव किया जाएगा।
इस मौके पर रघुबीर विरोधिया, रमेश सैनी, मदन चेयरमैन, शेर सिंह बेडवाल, सत्यवती पांचाल, श्रीचरण पांचाल, जितेंद्र जांगड़ा, नरेश प्रजापति और प्रभु दयाल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।