फोटो 30: सोनीपत के गोहाना स्थित मुख्य गुरुद्वारे में बाबा जीवन सिंह को नमन करती संगत। स्रोत: सं
सोनीपत। गोहाना में शहीद मदनलाल धींगड़ा पार्क के समीप स्थित मुख्य गुरुद्वारे में शनिवार को बाबा जीवन सिंह की जयंती मनाई गई। इसमें बाबा जीवन सिंह को उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी ने कहा जब गुरु तेग बहादुर को दिल्ली के चांदनी चौक में औरंगजेब के सिपाहियों ने शहीद किया था। उस समय बाबा जीवन सिंह ने गुरु तेग बहादुर के शीश को उठाने के लिए अपने पिता का बलिदान दिया था।
अपने पिता के शीश को उस स्थान पर रखकर गुरु तेग बहादुर के शीश को उठाकर औरंगजेब की सेना को गुमराह करते हुए आंधी व तूफान का मुकाबला करते हुए किसी तरह 354 किलोमीटर दूर आनंदपुर साहिब में गुरु गोबिंद सिंह के सामने लाकर रखा था। उस समय गुरु गोबिंद सिंह की उम्र केवल 9 वर्ष की थी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुद्वारा सिंह सभा के उपाध्यक्ष जगदीश चिंदा ने की। समारोह में ग्रंथी भाई भूप सिंह, हरीश चावला, रवि भटेजा, रोहतास अहलावत, भाना पांचाल, हवा सिंह, सतीश शर्मा व हरभगवान चोपड़ा उपस्थित रहे।