संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (सोनीपत)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर पिपली टोल प्लाजा के पास मंगलवार शाम हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे सात दोस्तों का ऑटो हादसे का शिकार हो गया। वाहन की टक्कर से ऑटो में सवार सभी युवक घायल हो गए। राहगीरों ने उनको संभाला।
एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उनको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।घायलों में झज्जर जिले के गांव सौंधी निवासी 38 वर्षीय कर्मपाल, निमाणा निवासी सुनील, फरुखनगर निवासी बिरजू, याकूबपुर निवासी कर्मबीर, सुरेश, तस्वीर तथा एक अन्य युवक शामिल हैं।
कर्मपाल, सुनील, बिरजू और कर्मबीर को खरखौदा के सरकारी अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बिरजू और कर्मबीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जबकि कर्मपाल और सुनील का उपचार अस्पताल में किया गया।
कर्मपाल ने बताया कि सभी दोस्त मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे गांव सौंधी में एकत्रित हुए थे। सभी ऑटो में सवार होकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। ऑटो को कर्मबीर चला रहे थे। जब वह पिपली टोल प्लाजा से कुछ पहले थे तो एक वाहन सामने आ गया।
इससे ऑटो की टक्कर हो गई। सभी सवार घायल हो गए। सुरेश, तस्वीर और एक अन्य घायल को किस अन्य अस्पताल ले जाया गया है। इसकी जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
केएमपी पर हुए सड़क हादसे में घायल खरखौदा के सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन। संवाद