सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक सवार युवकों ने कार सवार पिता-पुत्र से लूट का प्रयास किया। बाइक सवारों ने उनकी कार का पीछा कर शीशा भी तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने एक युवक को मौके पर पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। बहालगढ़ थाना पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया।
सोनीपत शहर निवासी अंकित गहलावत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार को पिता के साथ कार में सवार होकर शहर की ओर आ रहे थे। जब बहालगढ़ के पास पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवक उनका पीछा करने लगे। आगे जाकर कार धीमी की तो बाइक सवारों ने कार की खिड़की खोलकर लूटपाट की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ा दी। बाइक सवारों ने थोड़ी दूर जाने पर कार के आगे अपनी बाइक अड़ा दी और कार का शीशा तोड़ दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों की भीड़ ने एक बाइक सवार को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो युवक भाग निकले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य दोनों बाइक सवारों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।