सोनीपत। राठधना रोड पर अपने खेत में गए किसान पर जमीन विवाद के चलते हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने आए उसके भतीजे को पीटा गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसकी जमीन पर नजर रखते हैं। जिसके चलते हमला किया। वह उससे नकदी भी लूट ले गए। शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ओमेक्स सिटी निवासी महेश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने राठधना रोड पर कृषि कार्य करने, नर्सरी, बाग और अन्य व्यवसाय के लिए जमीन ठेके पर दे रखी है। वह 13 मार्च की शाम को वहां गए थे। महेश ने बताया कि जब वह वहां गए तो वहां मौजूद रमेश, सुमित, राजेश, योगेश गाली-गलौज करने लगे। वहां मौजूद रमेश ने योगेश से कहा कि अन्य को बुला लाओ। इस दौरान वहां बने कमरों से रमेश, सुमित, योगेश, राजेश अपने अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे, कस्सी और तेजधार हथियारों सहित पहुंचे। वह अमरूद के बाग में पेड़ों को नुकसान करने लगे। विरोध किया तो हथियारों से उस पर भी हमला कर दिया। पास के खेत में काम कर रहा महेश का भतीजा यशपाल उस ओर आया और सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। योगेश और राजेश ने यशपाल भी हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपी महेश की जेब से 40 हजार रुपये भी निकाल ले गए। पुलिस टीम को आता देख कर भाग गए। घायलों ने अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।