खरखौदा। गांव थाना कलां के ग्रामीण ने गांव के सरपंच पर हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि कोर्ट से केस ना उठाने पर उन पर हमला किया गया है। खरखौदा थाना पुलिस ने आठ नामजद सहित अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
कर्मबीर ने पुलिस को बताया कि वह 16 मई को अपने खेत में था। उस दौरान गांव का ही अरुण, सागर, कप्तान, कृष्ण ट्रैक्टर पर सवार होकर आए और रामकुमार, रोहतास, विकास अपनी बाइक पर सवार होकर आए। उनके साथ तीन अन्य लोग और थे। उन्होंने लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने उनसे कहा कि अदालत में जो केस किया हुआ है उसे उठा ले नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। बाद में हमलावर भाग गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया। शिकायत पर पुलिस ने सरपंच सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरी तरफ सरपंच आशीष का कहना है कि पंचायती जमीन को ग्रामीण कृष्ण को पट्टे पर दिया गया है, जिसके साथ शिकायतकर्ता का विवाद हुआ है। उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। वह आज ही थाना प्रभारी व एसीपी से भी मिले हैं, जहां से उन्हें जांच का आश्वासन मिला है।