नरवाना। जिलास्तरीय स्कूली खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को तीसरे दिन नवदीप स्टेडियम नरवाना में अंडर-11 आयु वर्ग के लड़कों की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला खेल अधिकारी डीएसओ) रामपाल हुड्डा ने किया, जबकि समापन पीपलथा के प्रिंसिपल डॉ. भूप सिंह ने किया।
100 मीटर दौड़ में डूमरखा के मनवीर प्रथम, धरौदी के दक्ष द्वितीय और कसून के राहुल तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में भी मनवीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। गनर ने द्वितीय और आलोक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
हुड्डा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में खेलों का महत्व और भी बढ़ गया है। खेल बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से नशे से दूर रहने और सरकार की नशामुक्ति मुहिम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों में नियमित भागीदारी से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता के बेहतर आयोजन के लिए नरवाना के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की।
नोडल अधिकारी सोमदत्त बेदी और खेल सचिव सतीश कुमार ने बताया कि अंडर-11 आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं 10 अक्तूबर को भारत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धरौदी से शुरू हुई थीं और 15 अक्तूबर तक चलेंगी। बुधवार को लड़कियों की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर डीएसओ रामपाल हुड्डा को नोडल अधिकारी सोमदत्त बेदी, खेल सचिव सतीश कुमार और डॉ. भूप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एईईओ अमित कुमार, डीओसी अनिल कुमार, कोच प्रेमचंद शर्मा, कपूर सिंह, अनिल ढिल्लों, बलजीत सिंह, अजमेर, प्रेम प्रकाश, रूपेंद्र गोयत, जितेंद्र बेनीवाल, नाथूराम, कृष्ण कुमार, रणवीर, चांदीराम, सुरेंद्र, सतीश खटकड़, रणधीर, जैसलमेर, बबीता, विरमति, राकेश रोहिल्ला, रोहतास शर्मा, मनजीत कौर और वीरेंद्र मौजूद रहे।
फोटो 2 नरवाना। ऊंची कूद प्रतियोगिता में भाग लेते हुए बच्चे। संवाद- फोटो : samvad