सोनीपत। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र सोनीपत में तैनात सहायक लाइनमैन जयबीर सिंह को कालूपुर चुंगी क्षेत्र से एक हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह पहले ही दो हजार रुपये ले चुका था।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि वह दहिया कॉलोनी की गली नंबर-1 में चारा काटने की दुकान चलाते करते हैं। बिजली बिल बकाया होने के कारण 10 अप्रैल को उनकी दुकान का मीटर उतार दिया गया था।
विज्ञापन
नया मीटर लगवाने के लिए संपर्क करने पर औद्योगिक क्षेत्र सोनीपत में तैनात सहायक लाइनमैन जयबीर सिंह ने पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी। सौदा तीन हजार रुपये में तय हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जयबीर दो हजार रुपये पहले ले चुका है।
जांच में शिकायत सही मिलने पर एसीबी ने उसे रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। आरोपी ने पीड़ित को कालूपुर चुंगी क्षेत्र में बुलाया। जब जयबीर सिंह रिश्वत की बकाया रकम लेने लगा तो उसे एसीबी सोनीपत की टीम ने पकड़ लिया।
सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों ने आमजन से अपील है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो सूचना दें ताकि कार्रवाई की जा सके।