सेक्टर-14 में रहने वाले मेडिकल स्टोर संचालक के किराये के घर में पत्र फेंककर आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पत्र भेजने वाले ने नकदी को लाल रंग के प्लास्टिक के थैले में रखकर 26 फरवरी को कूड़ादान के पास छोड़ने के बारे में लिखा है। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर उसकी पत्नी और बेटे की हत्या करने की धमकी दी है। मेडिकल स्टोर संचालक कि शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-14 निवासी मुखी अस्पताल में नासा मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान चलाने वाले सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके मकान में चार महीने से रिपेयरिंग का काम चल रहा है। जिसके चलते वह पड़ोस में ही दूसरे मकान में किराये पर रहता है। उसने बताया कि रविवार सुबह साढ़े छह बजे वह घर के दरवाजे पर समाचार पत्र लेने के लिए गया तो वहां पर एक सफेद रंग का लिफाफा भी पड़ा मिला। उस पर उसके किराये के मकान का पता लिखा गया था। लिफाफा खोलकर देखने पर उसमें से काले रंग के पेन से लिखा एक पत्र मिला। पत्र के माध्यम से उससे रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी मांगने वाले ने आठ लाख रुपये 26 फरवरी को देने के लिए कहा है। उसने पत्र में छह, सात या आठ लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा है। पत्र में लिखा है कि उनके मकान के सामने पार्क में पीपल का पेड़ है। उसके नीचे नगर निगम का डस्टबिन रखा हुआ है। उसमें भेजा गया पत्र व रंगदारी के रुपये रख दें। रुपये और पत्र लाल रंग के प्लास्टिक के थैले में बंद कर डस्टबिन में रखने हैं। इतना ही नहीं रकम डस्टबिन में रखने के लिए सुबह सात से नौ बजे का समय दिया गया है। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर पत्र में लिखा गया है कि तेरी पत्नी और बेटे को अल्लाह को प्यारा कर दूंगा। जिसे लेकर मेडिकल स्टोर संचालक ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पत्र फेंकने वाले का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
मामले को लेकर शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम रंगदारी मांगने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मकान की तरफ जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है। एक कैमरे में सुबह पांच बजे दो बाइक सवार युवक मुंह पर कपड़ा लपेटे आते दिख रहे हैं। जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। जल्द रंगदारी की मांग करने वालों का पता लगा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दर्पण सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।