सोनीपत। मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लघु सचिवालय में धरना दिया। नगराधीश को सरकार के नाम मांगपत्र सौंपा। धरने की अध्यक्षता आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान छवि ने की जबकि संचालन जिला सचिव सुनीता ने किया।
आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से स्वास्थ्य मंत्री से समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता की मांग की जा रही है लेकिन अब तक नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों पर 14-15 वर्ष की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने का दबाव बनाया जा रहा है जबकि सोशल मीडिया पर वैक्सीन को लेकर फैल रही खबरों से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
आशा कार्यकर्ताओं ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में डॉक्टर, दवाइयों और मशीनों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, 1500 रुपये बढ़ोतरी लागू करने, वर्ष 2023 की हड़ताल अवधि का बकाया मानदेय जारी करने सहित अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 9 मई को अटेली मंडी में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सीआईटीयू के जिला कोषाध्यक्ष सीलक राम मालिक और वरिष्ठ किसान नेता श्रद्धानंद सोलंकी भी प्रदर्शन में शामिल हुए।