गोहाना। जवाहर लाल नेहरू पार्क में शनिवार को आशावर्करों की गोहाना, मुंडलाना व भैंसवाल ब्लॉक की जनरल बॉडी मीटिंग हुई। मीटिंग ब्लॉक प्रधान अनीता की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने सरकार से आशावर्करों को पक्के कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। मांगों को लेकर उन्होंने एक से तीन दिसंबर तक रामलीला मैदान में हड़ताल में शामिल होने का भी निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि 2018 के बाद केंद्र सरकार ने आशा वर्कर्स के मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। लगातार आशा वर्करों पर काम का बोझ बढ़ाया जा रहा है। वर्ष 2025 से अब तक आशा वर्करों के मानदेय में लगभग 4000 रुपये की कटौती की गई है। इससे आशावर्करों में रोष है। उन्होंने सरकार से आशावर्करों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये देने, सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने, सेवानिवृति लाभ देने व 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने, 2023 में हड़ताल के समय का काटा हुआ मानदेय देने की मांग की।