सोनीपत। कृषि विभाग फसल अवशेषों में आगजनी करने वाले किसानों के खिलाफ सख्ती बरत रहा है। कृषि विभाग ने सैटेलाइट से प्राप्त 3 लोकेशन का निरीक्षण किया। इसके लिए टीमों ने जाटी खुर्द, मुरथल और आहुलाना के खेतों में जाकर जांच की। मुरथल और जाटी खुर्द गांव से मिली लोकेशन पर फसल अवशेषों में आगजनी नहीं मिली। वहीं आहुलाना गांव में किसान ने फसल अवशेषों में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया गया था। यहां करीब डेढ़ एकड़ में फसल अवशेष जले मिले, जिसके बाद कृषि विभाग ने संबंधित किसान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
उप कृषि निदेशक डॉ. पवन शर्मा के नेतृत्व में लगातार दूसरी रात भी टीमें फील्ड में रहीं। उन्होंने बताया कि फसल अवशेषों में आगजनी करने वाले किसानों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। इसके अतिरिक्त विभाग के पास सैटेलाइट से भी आगजनी की लोकेशन पहुंच रही है। लोकेशन का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि रविवार देर शाम को सैटेलाइट से तीन स्थानों पर आगजनी की लोकेशन मिली हैं। इसमें भठगांव में दो और जैनपुर में एक स्थान पर आगजनी दिखाई गई है। उन्होंने बताया कि तीनों स्थानों पर सोमवार को टीमें भेजी जाएंगी। निरीक्षण के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।