खरखौदा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिसाना गांव में एक परिवार को होम क्वारंटीन किया गया है। अब पूरे परिवार को 14 दिनों तक घर में ही रहना होगा। वहीं विभाग की ओर से भी होम क्वारंटाइन परिवार के सभी सदस्यों पर पूरी नजर रखी जाएगी। होम क्वारंटाइन परिवार का सदस्य और बॉक्सर लिथूनिया में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गया हुआ था। जहां से वह मेडल जीतकर वापस लौटा है। हालांकि अभी बॉक्सर और उसके परिवार को स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. नितिन फलस्वाल ने बताया कि गांव सिसाना का रहने वाला एक बॉक्सर फिलहाल लिथूनिया में आयोजित हुई बॉक्सिंग प्रतिगिता में मेडल जीतकर अपने घर लौटा है। उनको बॉक्सर के विदेश से आने का पता चला तो वह स्वास्थ्य विभाग की टीम को लेकर गांव सिसाना पहुंचे। नोडल अधिकारी ने बताया कि उन्होंने खिलाड़ी और उसके परिवार के अन्य चार सदस्यों से स्वास्थ्य संबंधित पूर्ण जानकारी लेने के बाद पूरे परिवार को एहतियात के तौर पर 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन किया है। उनका कहना है कि परिवार में किसी प्रकार से भी अभी तक कोरोना वायरस के संक्रमण के कोई लक्षण नहीं है। इसके बावजूद सावधानी के लिए पूरे परिवार को होम क्वारंटीन किया गया है।