गन्नौर। जीटी रोड पर पांची गुजरान गांव के पास पेट्रोल पंप के प्रबंधक व कैशियर से पिस्तौल के बल पर छह लाख 43 लाख रुपये की नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने रैकी करने के आरोपी को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव खेड़ी तगा का रहने वाला नवीन है। नवीन ने लूट की वारदात के लिए रैकी की थी। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
विदित रहे कि पांची गुजरान गांव के निकट भारत पेट्रोल पंप के प्रबंधक रवींद्र व कैशियर जसबीर 8 जुलाई को सुबह 10 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर पंप से छह लाख 43 हजार रुपये गन्नौर एचडीएफसी बैंक में जमा करवाने के लिए चले थे। बायीं रोड पर पुलिया के पास तीन बाइक सवार युवकों ने उनके सामने अपनी बाइक रोककर पिस्तौल के बल पर बैग लूट लिया था। सीआईए-2 की टीम ने गांव अगवानपुर निवासी मंजीत व अश्विनी और गोहाना के गांधी नगर निवासी सन्नी को गिरफ्तार कर मामले से पर्दा उठाया था। अब पुलिस ने वारदात के लिए रैकी करने के आरोपी नवीन को काबू कर लिया है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।