सोनीपत। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के आदेश पर मुख्यालय की टीम ने शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। तीन सदस्यीय टीम ने ओपीडी से लेकर टीबी केंद्र, ओएसटी सेंटर समेत सभी वार्ड में जाकर व्यवस्थाओं की जांच की।
अस्पताल में टीम के आने की पूर्व में सूचना होने के चलते सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर दी गई थी।
टीम ने कहा कि नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिले। उनके साथ आने वाले तीमारदारों को भी परेशानी न आने दी जाए।
उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों के साथ बैठक की। इसमें मरीजों व उनके तीमारदारों से अच्छा व्यवहार करना और मरीज का हौसला बढ़ाने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त अस्पताल में जिन संसाधनों की कमी है, उनको पूरा कराने के लिए कहा।
टीम के सदस्यों ने प्रशिक्षण केंद्र की तरफ के गेट पर सुरक्षा कर्मी लगाने का सुझाव दिया। साथ ही टीम ने वार्ड के सफाई व्यवस्था की जांच की। अस्पताल में सड़कों के निर्माण कराने की सुझाव दिया।
साथ ही टीम ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता से कॉल करके जल्द ही सड़कों के लिए टेंडर लगाने के निर्देश दिए।
टीम के साथ सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना, उप सिविल सर्जन डॉ. योगेश गोयल, डॉ. तरुण यादव, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा भी मौजूद रहे।