सोनीपत शहर के एक डिस्पोजल पंप पर व्यवस्था देखने पहुंचे भाजपा नेता राजीव जैन। स्रोत: प्रवक्ता
सोनीपत। भाजपा नेता राजीव जैन शुक्रवार को शहर में डिस्पोजल पंपों पर पहुंचे। वह आदर्श नगर, शिव कॉलोनी, चावला कॉलोनी, शम्भू दयाल, महलाना रोड, ओल्ड डीसी रोड स्थित डिस्पोजल पंप पर गए। उन्होंने पाया कि डिस्पोजल पंप चलाने के लिए तैनात ठेकेदार आठ घंटे की ड्यूटी के बजाय 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाकर कर्मचारियों की तनख्वाह बचाने का काम कर रहा है।
इन कारणों के चलते सही समय पर डिस्पोजल चल नहीं पाते। चावला कॉलोनी के 6 डिस्पोजल पर दिन-रात के लिए केवल चार कर्मचारी हैं, इसी तरह ओल्ड डीसी रोड पर चौबीस घंटे का केवल एक कर्मचारी है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तीन मोटरें होनी चाहिए, केवल दो ही हैं, इसमें भी एक खराब है। एक बहुत पुरानी है जो पानी पूरा नहीं उठाती। चावला कॉलोनी में बिजली के फ्यूज लगाने वाले ग्रिप टूटे पड़े हैं, जिससे कर्मचारियों की जान को भी खतरा है। शंभू दयाल स्थित डिस्पोजल की लाइन ककरोई रोड के डिस्पोजल से जोड़ी थी, लेकिन गोहाना रोड आरओबी से महलाना चौक तक सीवर की बड़ी लाइन जाम होने के कारण लाइन जोड़ने का लाभ नहीं हुआ। महलाना रोड के डिस्पोजल पर दो मोटर खराब पड़ी हैं।