संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक, बीटेक (लीट), बी. डिजाइन और बी. आर्क कार्यक्रमों की रिक्त सीटों पर संस्थान स्तर की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय ने इसके लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी करते हुए अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करने का आह्वान किया है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि बीटेक, बीटेक (लीट) और बी. डिजाइन पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 से 23 जुलाई तक लिए जाएंगे।
बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बी. आर्क) के लिए आवेदन 10 अगस्त से 24 अगस्त तक स्वीकार किए जाएंगे। रिक्त सीटों पर प्रवेश संस्थान स्तर की फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार समय रहते आवेदन करें।
कुलपति ने कहा कि डीसीआरयूएसटी में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी संकाय, डिजिटल शिक्षण संसाधन, अनुसंधान एवं नवाचार का अनुकूल वातावरण तथा उत्कृष्ट प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराता है।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष, नवाचारी और आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रो. सिंह ने अपील की कि बच्चे जल्द आवेदन करें। प्रवेश संबंधी जानकारी केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन भी जारी की गई है।
विवि में इन पाठ्यक्रमों का होता है संचालन
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में कृषि अभियांत्रिकी, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी, केमिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, एनर्जी एंड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग, बी. डिजाइन और बी.आर्क सहित कई रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से कुछ पाठ्यक्रम हिंदी माध्यम में भी उपलब्ध हैं ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें।