फोटो 22- सोनीपत के गांव जाहरी में पुरखास रोड पर बंद व टूटी लाइटों को लेकर रोष जताते जिला पार्षद
सोनीपत। गांव जाहरी में पुरखास रोड वाहन चालकों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइट व्यर्थ साबित हो रही हैं। इनमें अधिकतर लाइटें बंद पड़ी हैं, जबकि कई टूट चुकी हैं।
लाइटाें पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद मार्ग पर शाम ढलते ही अंधेरा कायम हो जाता है। विभाग लाइटों की व्यवस्था पर असमर्थ साबित हो रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी, ग्रामीण संदीप, राजेश, प्रदीप, कुलदीप, सुरेश कुमार का आरोप है कि विभाग ने गांव जाहरी में पुरखास रोड पर वाहन चालकों की सुविधा के लिए 10 वर्ष पहले लाखों रुपये लाइटों पर खर्च किए थे।
वक्त के साथ देखरेख के अभाव में कई पोल व लाइटें टूट चुके हैं। लाइटें लगाने के कुछ माह से ही बंद पड़ी हैं। ऐसे में वाहन चालकों व ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही हैं।
जब लाइटें लगवाकर उनकी देखरेख नहीं करनी थी तो प्रशासन को लाखों रुपये खर्च नहीं करने चाहिए थे। अधिकारी भी लाइटें लगवाकर उन्हें चालू करवाना भूल गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान करवाया जाए।
अगर प्रशासन लाइटों को ठीक नहीं करवा सकता है तो उक्त मार्ग से सभी लाइटों के पोल हटाए जाएं अन्यथा सभी लाइटों को जल्द ठीक करवाकर इन्हें चालू करवाया जाए और टूटी लाइटों को बदला जाए।