सोनीपत। नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में वीरवार को अत्याधुनिक एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन मशीन दान दी गई। इस मशीन को इंस्टॉल कर दिया गया, जिसका वीरवार से रोगियों और चिकित्सक को लाभ मिलना शुरु हो जाएगा। साथ ही खून जांच के लिए बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर भी दान किया गया। इस पर सिविल सर्जन ने कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि 12 लाख रुपये कीमत की एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन अत्याधुनिक मशीन दान में मिली है। जिला अस्पताल में एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन मशीनों की संख्या दो हो गई हैं। साथ ही 7 लाख रुपये की कीमत का बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर भी कंपनी से दान में लिया है। सिविल सर्जन ने बताया कि एनेस्थीसिया मशीनें अत्यधिक उन्नत हैं और रोगी के जीवन की प्रभावी ढंग से रक्षा करने में बहुत उपयोगी हैं। इनका उपयोग ऑपरेशन थिएटर और सुपर स्पेशलिटी विभागों में किया जाता है। ऐनेस्थिसिया जांच से मरीज को बेहोश कर सर्जरी के दौरान जांच सही तरीके से एडवांस टेक्नोलॉजी से हो सकेगी। यह रोगी और डॉक्टर दोनों के हित में रहेगा। ऑटोमेटेड बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन से एलएफटी-लिवर संबंधी सभी जांच, आरएफटी- किडनी की जांच, टोटल लिपिड प्रोफाइल इत्यादि टेस्ट तेज गति से की जा सकेगी। इससे अब लोगों को बाहर निजी लैब में नहीं जाना पड़ेगा। प्रयोगशाला में बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन की संख्या बढ़ने से खून के नमूनों की जांच भी बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में 200 से ज्यादा मरीजों की खून की जांच हो रही है।