गन्नौर में एसडीएम निर्मल नागर को शिकायत देते अशोक। संवाद
गन्नौर। गांव पट्टी ब्राह्मणान निवासी एक युवक ने जनस्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए एसडीएम डॉ. निर्मल नागर को शिकायत दी है। जिस पर एसडीएम ने मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। एसडीएम को दी शिकायत में अशोक ने बताया कि उनके घर में दो दिन से पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी है। जिसकी शिकायत देने के लिए वह 18 मार्च को जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में गए थे। जहां विभाग के कुछ कर्मचारी बैठे थे। आरोप है कि जब उन्होंने शिकायत दी तो कर्मचारियों ने शिकायत लेने से मना कर दिया और कार्यालय में दोबारा आने पर मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी। अशोक ने एसडीएम से कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने व उनकी समस्या का समाधान कराने की मांग की। शिकायत के बाद एसडीएम ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को कार्यालय में पहुंचने के आदेश दिए हैं।