सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) की टीचर्स एसोसिएशन (डीक्रूटा) ने विवि प्रशासन पर विज्ञान संकाय के डीन की नियुक्ति में मनमानी करते हुए चहेते को नियुक्त करने का आरोप लगाया है। इससे पहले भी विश्वविद्यालय में ईसी के सदस्यों की नियुक्ति पर सवाल खड़े हो चुके हैं।
डीक्रूटा ने डीसीआरयूएसटी प्रशासन पर हरियाणा विधानसभा में पास एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल से एक्ट को बचाने की गुहार लगाई है। डीक्रूटा के अध्यक्ष डाॅ. अजय कुमार ने आरोप लगाया कि डीसीआरयूएसटी प्रशासन स्वयं को विधानसभा से ऊपर मानता है इसलिए विज्ञान संकाय के डीन की नियुक्ति में पास एक्ट का उल्लंघन किया है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एक्ट के अनुसार डीन की नियुक्ति प्रोफेसर में रोटेशन वाइज होती है मगर यहां अपने चहेते प्रोफेसर की नियुक्ति कर दी गई है जबकि इस नियुक्ति में विधानसभा की ओर से पारित विश्वविद्यालय एक्ट में स्पष्ट रूप से रोटेशन नीति का प्रावधान है। मामले में टीचर्स एसोसिएशन ने विश्वविद्यालय अधिनियम के उल्लंघन को लेकर राज्यपाल के नाम रजिस्ट्रार को ज्ञापन दिया।
डीक्रूटा अध्यक्ष ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन बार-बार अपने हित को साधने के लिए मनमर्जी की नियुक्ति कर रहा है। इससे पहले भी ईसी के सदस्यों की नियुक्तियों का मामला राज्यपाल के पास लंबित है। ईसी के सदस्यों की कुछ नियुक्ति सरकार की ओर से जांच के लिए बनाई गई कमेटी ने गलत ठहरा दी है।
डीक्रूटा ने मामले में राज्यपाल व कुलपति को ज्ञापन भेजकर मांग की कि विधानसभा में पास एक्ट की अवहेलना करके की गई डीन की नियुक्ति के आदेश तुंरत वापस लिए जाएं। रोटेशन नीति के तहत नियुक्ति की जाए।