सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेल मार्ग पर शुक्रवार को हिंदू महाविद्यालय के पास अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में जीआरपी ने शनिवार को शव का गांव खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
वहीं, जिला व्यापार मंडल ने शनिवार सुबह शव के पोस्टमार्टम को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने कहा कि अस्पताल में डेढ़ घंटे पोस्टमार्टम को लेकर ड्रामे के बाद खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए भेज दिया गया।
नागरिक अस्पताल में होने वाले इस तरह के रवैये से लोगों में प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के प्रति रोष है। उनकी मांग है कि भविष्य में किसी पीड़ित परिवार को इस तरह परेशान न किया जाए। उन्होंने बताया कि मिशन चौक के व्यापारी सतप्रकाश गोयल के पुत्र अभिषेक गोयल की शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
दोपहर के समय शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा गया। पोस्टमार्टम के लिए पुलिस व डॉक्टर आपस में उलझे रहे। जनप्रतिनिधियों की सिफारिश के बावजूद शाम को चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम सुबह करने का आश्वासन दिया था। ऐसे में पीड़ित परिवार पर क्या गुजरी होगी।
जब शनिवार सुबह परिजन करीब 9.30 बजे नागरिक अस्पताल पहुंचे तो डेढ़ घंटे तक ड्रामे के बाद करीब 11 बजे शव को खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जीआरपी जांच अधिकारी विकास ने बताया कि ट्रेन हादसे के बाद शव पूरी तरह क्षत-विक्षत था। ऐसे में नागरिक अस्पताल में फोरेंसिक चिकित्सक नहीं होने के चलते खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।